मकराना पंचायत समिति बैठक में विकास कार्यों पर हुई समीक्षा
पंचायत समिति मकराना की साधारण सभा का आयोजन तहसीलदार एवं प्रशासक श्रीमती कृष्णा शर्मा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में कोरम पूर्ण होने के बाद पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं की समीक्षा कर उनके समाधान पर चर्चा की गई।
बैठक में जिला परिषद नागौर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा ने ग्राम पंचायतों के सरपंचों से क्षेत्रवार समस्याओं की जानकारी लेकर विभागवार समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वित्त आयोग की राशि के समान वितरण पर सहमति
बैठक में पंचायत समिति कोष में उपलब्ध राज्य वित्त आयोग एवं पंद्रहवें वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान राशि के लिए नया प्लान तैयार कर सभी ग्राम पंचायतों में समान रूप से वितरण करने तथा स्वीकृतियां जारी करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
विद्यालयों में कक्ष और शौचालय निर्माण के प्रस्ताव
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने राजकीय विद्यालयों में कक्षा-कक्षों और शौचालयों की कमी का मुद्दा उठाते हुए निर्माण कार्यों के प्रस्ताव सदन के समक्ष प्रस्तुत किए। इस पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा ने प्राथमिकता के आधार पर इन कार्यों को पूरा कराने का भरोसा दिलाया।
एमएलए और एमपी लैड कार्यों के समायोजन की मांग
बैठक के दौरान सरपंचों ने जिला स्तर पर लंबित एमएलए एवं एमपी लैड कार्यों के समायोजन का मुद्दा उठाया। इस पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने आगामी सात दिनों के भीतर आवश्यक समायोजन किए जाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने दिए त्वरित कार्य निष्पादन के निर्देश
बैठक में मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ग्रामीण जनता के कार्यों का त्वरित निस्तारण करने और विकास कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।




