मुस्लिम अकलियत जमात मकराना की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार दोपहर अकलियत जमात खाना में आयोजित हुई, जिसमें सर्व मुस्लिम समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर अहम निर्णय लिए गए। बैठक में समाज के गणमान्य लोगों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति में सर्वसम्मति से आगामी 2 फरवरी 2027 को विशाल मुस्लिम सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
अकलियत जमात के सदर आशु गौरी ने बताया कि सामूहिक विवाह सम्मेलन का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और विवाह जैसे मांगलिक कार्यों में अनावश्यक खर्चों को कम करना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए भी सहायक साबित होगा और समाज में सादगीपूर्ण विवाह को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के लिए पंजीयन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से शुरू होगी, जबकि आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक परिवारों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा।
आशु गौरी ने बताया कि विवाह सम्मेलन में भाग लेने के लिए निर्धारित आयु सीमा का पालन अनिवार्य रहेगा। इसके तहत लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा लड़के की न्यूनतम आयु 21 वर्ष होना आवश्यक होगा। इसके अलावा पंजीयन शुल्क भी निर्धारित किया गया है। लड़की पक्ष के लिए 21 हजार रुपये तथा लड़के पक्ष के लिए 11 हजार रुपये पंजीयन शुल्क रखा गया है।
बैठक में सामूहिक विवाह सम्मेलन की रूपरेखा, व्यवस्थाओं और आगामी तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की। उपस्थित लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे समाजहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक में अध्यक्ष आशु गौरी, उपाध्यक्ष अब्दुल हकीम बल्खि, सचिव आबिद शेख, सह सचिव शाहरुख कुरैशी, कोषाध्यक्ष अब्दुल कयूम रंगरेज, खलीक अब्बासी, शरीफ कुरेशी, मोहम्मद इमरान सहित कई समाजबंधु उपस्थित रहे।




