मोहर्रम को लेकर मकराना थाना परिसर में सीएलजी बैठक आयोजित
आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को मकराना पुलिस थाना परिसर में सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र शर्मा, वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल तथा पुलिस निरीक्षक जगदीश मीणा ने की।
बैठक में मोहर्रम के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने, जुलूस मार्गों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों से पर्व के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक के दौरान साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपस्थित सीएलजी सदस्यों ने भी अपने सुझाव रखे और मोहर्रम के दौरान प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
बैठक में सीएलजी सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने आमजन से शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




