मकराना स्थित संगमरमर व्यापार मंडल बाईपास रोड का आगामी चुनाव 28 जून को आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर प्रत्याशियों और व्यापारियों में तैयारियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और हाईटेक बनाने के लिए विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
यह बैठक बोरावड रोड स्थित होटल शेरेटन में आयोजित की गई, जिसमें मुख्य चुनाव अधिकारी नितेश कुमार जैन, सहायक चुनाव अधिकारी प्रकाश चंद प्रजापत, असगर अली रांदड और हाजी मोहम्मद अकरम चौहान ने प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक में बताया गया कि इस बार मतदान और मतगणना के लिए जयपुर की एक विशेषज्ञ फर्म को अनुबंधित किया गया है। पूरी प्रक्रिया डिजिटल तकनीक पर आधारित होगी, जिसमें मतदान पत्र की स्कैनिंग और ई-वोटिंग जैसी आधुनिक व्यवस्थाएं शामिल होंगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी नितेश जैन ने कहा कि मकराना मार्बल मंडी विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है और यहां के व्यापारियों को भी आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने बताया कि इस बार चुनाव में पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए हाईटेक सिस्टम अपनाया गया है।
मतदाता पहचान प्रक्रिया को और सुरक्षित बनाने के लिए QR कोड आधारित मतदाता स्लीप तैयार की गई है, जिसकी जांच दो चरणों में की जाएगी। केवल सत्यापित मतदाता ही स्कैनिंग प्रक्रिया के बाद मतदान कर सकेंगे।
इसके अलावा मतदान के लिए आधुनिक बैलट पेपर का उपयोग किया जाएगा, जिसकी डिजिटल स्कैनिंग के माध्यम से मतगणना की जाएगी। इससे चुनाव प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और त्रुटिरहित होगी।
इस बैठक में उपस्थित प्रत्याशियों ने भी अपने सुझाव दिए और इस आधुनिक मतदान प्रणाली पर सहमति जताई। उन्होंने इसे व्यापार मंडल के लिए एक सकारात्मक और तकनीकी कदम बताया।
बैठक में कई प्रमुख व्यापारियों और प्रत्याशियों की उपस्थिति रही, जिसमें उद्योगपति मुख्तयार अहमद गौड़, संगमरमर व्यापार मंडल अध्यक्ष रियाज गौड़, सचिव नदीम गैसावत, सह सचिव नदीम राठौड़, पूर्व अध्यक्ष अब्दुल रहीम उर्फ राजू सिसोदिया सहित अनेक लोग शामिल रहे।




