माहेश्वरी समाज मकराना द्वारा सात दिवसीय महेश नवमी महोत्सव का आयोजन 17 जून से 23 जून 2026 तक धूमधाम से किया जाएगा। महोत्सव माहेश्वरी पंचायत बोर्ड के अध्यक्ष रामवतार मानधनिया की अध्यक्षता में आयोजित होगा, जिसमें समाज के लोगों के लिए विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भगवान महेश की भव्य शोभायात्रा रहेगी, जो 23 जून मंगलवार को सुबह 7:15 बजे माहेश्वरी भवन से बैण्ड-बाजे, लवाजमे और आकर्षक झांकियों के साथ निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं के शामिल होने की संभावना है।
महेश नवमी महोत्सव 2026 का मुख्य समारोह 23 जून को सुबह 10:15 बजे प्रारंभ होगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि माहेश्वरी तहसील सभा मकराना के अध्यक्ष ओमप्रकाश भूतड़ा होंगे। कार्यक्रम में समाज की प्रतिभाओं और समाजसेवियों का भी सम्मान किया जाएगा।
सांयकाल 7 बजे से माहेश्वरी समाज का स्वरूचि भोज आयोजित किया जाएगा, जिसमें समाज के सभी परिवार सहभागी बनेंगे। प्रतिभा सम्मान समारोह में समाजसेवी एवं भामाशाह ओमप्रकाश भूतड़ा अपने निजी खर्च से लगभग 400 प्रतिभाओं का सम्मान एवं पुरस्कार वितरण कर उनका उत्साहवर्धन करेंगे।
समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि ओमप्रकाश भूतड़ा समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। वे माहेश्वरी समाज के साथ-साथ अन्य सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं और व्यापारिक संगठनों से भी जुड़े हुए हैं तथा समय-समय पर तन, मन और धन से सहयोग प्रदान करते रहे हैं।
महेश नवमी महोत्सव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।



