जनसुनवाई में छाए मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे, अवैध खनन पर भी उठी आवाज
एसडीएम अंशुल सिंह बेनीवाल ने अधिकारियों को दिए समय पर समाधान के निर्देश
जिला कलक्टर डीडवाना-कुचामन के निर्देशानुसार गुरुवार को मकराना पंचायत समिति स्थित अटल सेवा केंद्र में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी (एसडीएम) अंशुल सिंह बेनीवाल ने की। इस दौरान तहसीलदार कृष्णा दाधीच, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सुबह 10 बजे शुरू हुई जनसुनवाई में क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। नागरिकों ने अवैध खनन, कटानी रास्तों को खुलवाने, शहर में बढ़ते अतिक्रमण, सफाई व्यवस्था, बिजली एवं पेयजल आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जनसुनवाई के दौरान आमजन ने बताया कि कई स्थानों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने प्रशासन से इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
इसके अलावा शहर में रोड लाइटों की खराब स्थिति, सड़कों की मरम्मत, ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को भी अधिकारियों के समक्ष रखा गया। लोगों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान से आमजन को काफी राहत मिलेगी।
एसडीएम अंशुल सिंह बेनीवाल ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई अधिकारी जनता के कार्यों में लापरवाही बरतता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
एसडीएम ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों और सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।



