मकराना थाना क्षेत्र के बोरावड़ कस्बे की रामसागर कॉलोनी में शुक्रवार रात सूने मकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर सोना, चांदी और करीब 1 लाख 70 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार मकान मालिक विधवा मेना देवी अपने पुत्र की मृत्यु के शोक में पिछले पांच दिनों से गांव डिगारिया (बीदासर) गई हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को निशाना बनाकर घटना को अंजाम दिया।
शनिवार सुबह पड़ोसी द्वारा ताले टूटे होने की सूचना मिलने पर मेना देवी की पुत्री राजकंवर अपने पति के साथ मौके पर पहुंची, जहां घर के कमरे और बक्सों के ताले टूटे मिले तथा सामान बिखरा हुआ था।
पीड़िता द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार चोर करीब 50 तोला चांदी के आभूषण, तीन तोला सोने के जेवर, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
घटना की सूचना पर बोरावड़ पुलिस चौकी प्रभारी मंगाराम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने कुछ संदिग्ध लोगों पर चोरी का शक जताया है। पुलिस इन पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
पड़ोसियों के अनुसार मेना देवी और उनका पुत्र विजय सिंह छोटी दुकान चलाकर जीवन यापन करते थे। हाल ही में पुत्र की मृत्यु से परिवार सदमे में था और अब इस चोरी की घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के पीछे नाबालिग बच्चे और परिवार की जिम्मेदारी भी अब मेना देवी पर आ गई है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




