मकराना शहर में विद्युत विभाग की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है, जहां करंट लगने से एक गोवंश की दर्दनाक मौत हो गई। यह घटना शहर के चार खंबा क्षेत्र, पूर्व वार्ड नंबर 2 में घाशी जी के बंगले के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान एक गोवंश इलाके में विचरण कर रहा था। इसी दौरान वह लोहे के विद्युत पोल के संपर्क में आ गया, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट की चपेट में आते ही गोवंश गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही युवा हिंदू गौ रक्षा सेवा समिति, मकराना के सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया, लेकिन तब तक गोवंश की जान जा चुकी थी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि संबंधित विद्युत पोल में करंट आने की शिकायत पहले भी कई बार विद्युत विभाग को दी जा चुकी थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में लगे सभी लोहे के विद्युत खंभों की तत्काल जांच की जाए। साथ ही इन खंभों को हटाकर उनकी जगह सुरक्षित सीमेंट के पोल लगाए जाएं। जब तक ऐसा संभव नहीं हो, तब तक सभी खंभों पर उचित अर्थिंग, इंसुलेशन और सुरक्षा कवर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लोगों ने यह भी मांग की है कि बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि करंट रिसाव जैसी घटनाओं को रोका जा सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।
प्रशासन से अपील करते हुए क्षेत्रवासियों ने कहा कि पूरे शहर में विद्युत सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए और इस मामले में तुरंत प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन और पशुधन की सुरक्षा बनी रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




