विश्व पर्यावरण दिवस एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर पालिका मांगरोल द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी वैन के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, स्वच्छता अपनाने तथा टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी (क्षय रोग) के लक्षण, बचाव के उपाय एवं समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
एलईडी वैन के माध्यम से जागरूकता वीडियो एवं संदेशों का प्रदर्शन कर आमजन को बताया गया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी रहना, बलगम में खून आना, वजन कम होना, भूख न लगना, बुखार एवं रात में अधिक पसीना आना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। साथ ही नागरिकों को टीबी की समय पर जांच करवाने, उपचार को नियमित रूप से पूरा करने, पौष्टिक आहार लेने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका मांगरोल के अधिशाषी अधिकारी भावेश रजक ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण एवं स्वस्थ जीवनशैली अनेक बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भावेश रजक ने बताया कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है तथा समय पर जांच एवं नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग कम करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करवाने की अपील की।
अभियान के दौरान नगर पालिका कार्मिकों एवं आईईसी टीम द्वारा नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं टीबी उन्मूलन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। कार्यक्रम में नगर पालिका मांगरोल के अधिशाषी अधिकारी भावेश रजक, कनिष्ठ अभियंता अक्षय गालव, स्वच्छ भारत मिशन अभियंता सुमित गालव, आईईसी पार्टनर श्री ए.के. बालाजी की टीम के सदस्य प्रमोद मीणा, मोनिका मीणा, सुचिता गोचर सहित नगर पालिका मांगरोल का समस्त स्टाफ एवं सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




