लखीसराय में मंदिर के बाहर भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, 12 से ज्यादा घायल
लखीसराय। बिहार के लखीसराय में सोमवार सुबह अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। हादसे में अब तक 7 महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 से ज्यादा श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बिगड़े हालात
अशोकधाम मंदिर में जलाभिषेक के लिए सोमवार सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे थे। मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लगी हुई थी, जो अशोकधाम स्टेशन तक पहुंच गई थी। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के कारण पूरे इलाके में भारी भीड़ जमा थी।
लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार के अनुसार, इसी दौरान अशोकधाम स्टेशन के पास दो ट्रेनें आकर रुकीं। अचानक वहां भीड़ का दबाव बढ़ गया। इसी बीच पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया।
खंभा गिरते ही फैली करंट की अफवाह
खंभा गिरने के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं के बीच यह अफवाह फैल गई कि बिजली की चालू लाइन का तार लोगों के ऊपर गिर गया है। इस अफवाह के कारण अचानक लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि, डीएम ने स्पष्ट किया कि गिरा हुआ तार बिजली की चालू लाइन नहीं था। यह केबल वायर यानी डिश या इंटरनेट का तार था। लेकिन अफवाह इतनी तेजी से फैली कि लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन की ओर बढ़ गया। अचानक बढ़े दबाव के कारण कई महिलाएं अपना संतुलन खो बैठीं और एक-दूसरे के ऊपर गिर गईं। देखते ही देखते वहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
सिर्फ दो मिनट में हुआ पूरा हादसा
डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीम सुबह करीब 3 बजे से ही मौके पर मौजूद थी। इसके बावजूद हादसा बेहद अचानक हुआ और करीब दो मिनट के अंदर स्थिति बेकाबू हो गई।
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारी सदर अस्पताल में मौजूद हैं और घायलों के इलाज की निगरानी कर रहे हैं।
मृतकों में सभी महिलाएं
इस हादसे में जान गंवाने वाली सभी श्रद्धालु महिलाएं हैं। अब तक चार मृतकों की पहचान हुई है। इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर की रिंकू देवी शामिल हैं।
वहीं घायलों में लखीसराय की मौसम कुमारी, मुस्कान कुमारी, ममता देवी, रीना कुमारी और शिवानी कुमारी



