मध्यप्रदेश के कुनो नेशनल पार्क से आया केपी थ्री चीता मंगलवार सुबह मांगरोल उप तहसील के सीसवाली थाना क्षेत्र में दिखाई दिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मूण्डली भैरूजी और सरकन्या के बीच दाईं मुख्य नहर (डेम गेट) के पास ग्रामीणों ने चीते को विचरण करते हुए देखा। अचानक सामने आए चीते को देखकर लोग घबरा गए और भागते हुए सीसवाली-बारां मुख्य सड़क पर स्थित नहर की पुलिया तक पहुंचे, जहां उन्होंने अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी।
चीते की खबर फैलते ही क्षेत्र में डर और उत्सुकता का माहौल बन गया। सुबह से लेकर शाम तक हजारों लोग चीते को देखने के लिए मौके पर जुटे रहे।
सूचना मिलने पर सीसवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं केपी थ्री के लगातार मूवमेंट को देखते हुए कुनो नेशनल पार्क की वन विभाग टीम भी मौके पर तैनात रही। इसके अलावा मांगरोल और अंता क्षेत्र के वन विभाग कर्मचारी भी निगरानी में जुटे रहे।
सूत्रों के अनुसार, यह चीता पहले रामगढ़ क्षेत्र में देखा गया था और गांव बिसलाई में एक बकरी का शिकार भी किया था। इसके बाद वह रात में सरकन्या की दाईं मुख्य नहर तक पहुंच गया।
दिनभर लोगों की भीड़ और हलचल के चलते चीता नहर की पाल पर लगे जाल के पेड़ के नीचे बैठा रहा और सीमित दायरे में ही मूवमेंट करता रहा।
शाम करीब 6:30 बजे कुनो वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद भीड़ को हटाया। शांत माहौल बनने पर चीता झाड़ियों से बाहर निकला और नहर की सड़क पर चलते हुए डेम की पुलिया पार कर सीसवाली थाना क्षेत्र से बारां सदर थाना क्षेत्र के सांकली-बलदेवपुरा के खेतों की ओर निकल गया।
इस दौरान वन विभाग की टीम लगातार चीते की निगरानी करती रही। मौके पर अंता मजिस्ट्रेट ने भी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वन विभाग के कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
चीते के सुरक्षित रूप से आगे बढ़ जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।




