कोटा में बड़ा हादसा: एक्सप्रेसवे पर खड़ी मिनी बस में डंपर घुसा, 1 की मौत
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जालिमपुरा इंटरचेंज के पास खड़ी एक टूरिस्ट मिनी बस को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मिनी बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जो उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी भी सवार थे। हादसा उस समय हुआ जब बस एक्सप्रेसवे पर रुकी हुई थी और पीछे से आए डंपर ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बस क्षतिग्रस्त हो गई और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और टोल एंबुलेंस की टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को कोटा रेफर किया गया।
हादसे में 50 वर्षीय चरण सिंह की मौत हो गई। वहीं कल्पना भंडारी, गुड्डी, ओमबीर, उषा सहित कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सामान्य कराया। हादसे के कारणों की जांच जारी है।
गौरतलब है कि इसी दिन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निरीक्षण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।




