गडकरी के दौरे से पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, डंपर की टक्कर से एक की मौत, कई घायल
राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के जालिमपुरा इंटरचेंज के पास खड़ी एक टूरिस्ट मिनी बस को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 50 वर्षीय एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
महाकाल दर्शन कर लौट रही थी टूरिस्ट बस
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट मिनी बस उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रही थी। इसी दौरान जालिमपुरा इंटरचेंज के पास सड़क किनारे खड़ी बस में पीछे से आए डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार घायलों को किया गया कोटा रेफर
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए कोटा रेफर किया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गडकरी के दौरे से पहले हुआ हादसा
गौरतलब है कि बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करने वाले हैं। उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।
एक्सप्रेसवे की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
मंत्री के प्रस्तावित दौरे से ठीक पहले हुए इस हादसे ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था और सड़क सुरक्षा प्रबंधन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे हादसों के बीच एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा उपायों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।




