कोलकाता में भारी बारिश से जलभराव, कई राज्यों में मौसम अलर्ट जारी
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार दोपहर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। करीब दो घंटे तक हुई तेज बारिश के कारण शहर की कई प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं। कोलकाता और साल्ट लेक के कई इलाकों में जलभराव के चलते लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भारी बारिश का असर तारातला क्षेत्र में ढहे गोदाम पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य पर भी पड़ा। बुधवार को हुए इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत टीमों ने मलबे से 30 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है, जबकि कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
छह राज्यों में प्री-मानसून बारिश जारी
देश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ घंटों के दौरान तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने तथा टेंट और अस्थायी ढांचों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है।
गोवा में समुद्र की लहरों में बहा पर्यटक
गोवा के प्रसिद्ध बागा बीच पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। कर्नाटक निवासी सहस अशपाक मसाली (33) समुद्र किनारे चट्टानों पर बैठे थे, तभी अचानक तेज लहरों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौत हो गई।
सुपर अल नीनो का मानसून पर असर
विश्व मौसम विज्ञान संगठन के सदस्य डॉ. पंकज कुमार के अनुसार, सुपर अल नीनो की स्थिति में प्रशांत महासागर का तापमान सामान्य से काफी अधिक हो जाता है। इसका सीधा असर मानसून की गति, दिशा और सक्रियता पर पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष बारिश का पैटर्न असंतुलित रह सकता है। मध्य प्रदेश में सामान्य से 90 से 92 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में लंबे समय तक बारिश का अंतराल देखने को मिल सकता है।




