बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने कुंवारती कृषि उपज मंडी का अवलोकन करते हुए कलरफेड गेहूं खरीद में आ रही किसानों की समस्याओं को लेकर किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान विधायक शर्मा ने एक-एक किसान से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद वे मंडी के कंट्रोल रूम पहुंचे और एफसीआई कर्मचारियों से व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कर्मचारियों ने बताया कि फिलहाल समस्या का समाधान सरकार स्तर पर लंबित है।
विधायक शर्मा ने कलरफेड गेहूं की खरीद नहीं होने पर आपत्ति जताई। इस पर कंट्रोल रूम कर्मियों ने कहा कि केंद्र सरकार से शीघ्र ही अस्थायी छूट का आदेश आने की संभावना है, जिसके बाद समस्या का समाधान हो जाएगा।
शर्मा ने बायोमेट्रिक, फोटो एवं ऑनलाइन प्रक्रिया में किसानों को हो रही परेशानियों को भी गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। साथ ही कंट्रोल रूम में स्टाफ बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सरकार के खिलाफ बड़ा कदम उठाया जाएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा दिए गए आश्वासन और जिला कलेक्टर के पत्र के बावजूद केंद्र सरकार से कलरफेड गेहूं खरीद पर छूट का आदेश अब तक जारी नहीं हुआ है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने केंद्र सरकार से शीघ्र आदेश जारी करने की मांग की।
इसके साथ ही विधायक शर्मा ने कोटा मंडी में कर्ज में डूबे किसान हंसराज वैष्णव की मृत्यु पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गेहूं बिक्री न होने के कारण किसान मानसिक तनाव में था, जिससे हार्ट अटैक से उसकी मृत्यु हुई, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की है।
इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महावीर मीणा, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, ओबीसी जिला अध्यक्ष बृजमोहन यादव, अनिल जैन, आढ़तिया संघ अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकरण मीणा, वरिष्ठ पार्षद टीकम जैन, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चेतराम मीणा, बाबूलाल वर्मा, मंडल अध्यक्ष मनवीर सिंह सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान व आढ़तिया संघ सदस्य उपस्थित रहे।




