खेत पर ट्रैक्टर से ऐरा निकालते समय किसान की तबीयत बिगड़ी, उपचार के दौरान मौत
मेहंदवास थाना क्षेत्र के बास झिराना गांव निवासी किसान प्रहलाद जाट (50) की खेत पर कार्य करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजन उन्हें बेहोशी की हालत में राजकीय उप जिला अस्पताल टोडारायसिंह लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में मातम छा गया तथा गांव में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार बास झिराना निवासी कुलदीप चौधरी ने बताया कि उसके बड़े पिताजी के पुत्र प्रहलाद जाट 17 जून की सुबह गांव से काकलवाड़ की तन स्थित प्रेमचंद जाट के खेत पर ट्रैक्टर लेकर गए थे। सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच वे खेत में ट्रैक्टर से ऐरा निकालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर खेत में गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन कैलाशचंद जाट, रामसिंह और मुकेश मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तुरंत टोडारायसिंह अस्पताल लेकर आए। चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किसान की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल और मृतक के निवास पर पहुंचे तथा शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। पूरे गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा।




