खराबे के बाद क्लेम नहीं मिलने पर किसानों का उग्र प्रदर्शन
संयुक्त किसान संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को कृषि उपज मंडी मांगरोल में विधानसभा क्षेत्र के करीब 70 गांवों से बड़ी संख्या में किसान जुटे। किसानों ने फसल खराबे के मुआवजे और बीमा क्लेम की मांग को लेकर कृषि उपज मंडी से तहसील कार्यालय तक बीमा कंपनी की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर उग्र प्रदर्शन किया।
किसानों का आरोप है कि राज्य और केंद्र सरकार को कई बार ज्ञापन देने के बावजूद पिछले 9 महीनों से खरीफ फसल खराबे का मुआवजा और बीमा क्लेम अब तक जारी नहीं किया गया है। इससे किसानों में भारी नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि पंचायत चुनावों से पहले क्षेत्र के सभी किसानों को मुआवजा और बीमा क्लेम जारी नहीं किया गया, तो अंता उपचुनाव की तर्ज पर आने वाले पंचायत और निकाय चुनावों में सरकार को विपरीत परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
समिति संयोजक रामचंद्र मीणा जलोदा तेजाजी ने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन मांगरोल क्षेत्र के किसानों के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाई जा रही है। उनका आरोप है कि बैंकों द्वारा किसानों के खातों से जबरन बीमा प्रीमियम काटकर कंपनियों को दिया जाता है, लेकिन फसल खराब होने पर किसानों को आसानी से बीमा क्लेम नहीं मिलता।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नाम से संचालित फसल बीमा योजना किसानों को राहत देने के बजाय बीमा कंपनियों को फायदा पहुंचाने का माध्यम बनती जा रही है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




