आपदा राहत एवं कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बनोटा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवनिर्मित भवन तथा भाड़ौती विद्यालय में नए कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय ग्रामीण शिक्षा को नया आयाम देंगे और विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।
बनोटा विद्यालय भवन का निर्माण लगभग 2.05 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस भवन में 16 कक्षा-कक्ष, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, स्टेज सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा संसाधनों का लाभ मिलेगा।
वहीं भाड़ौती विद्यालय में करीब 20.76 लाख रुपये की लागत से दो नए कक्षा-कक्षों का निर्माण किया गया है, जिससे छात्रों के लिए अध्ययन व्यवस्था और बेहतर होगी।
कार्यक्रम के दौरान भामाशाहों और ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की गई। साथ ही स्थानीय कलाकारों द्वारा लोक संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिससे कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा।
मंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर जिला प्रमुख सुदामा मीणा, उप प्रमुख बाबूलाल, जिला शिक्षा अधिकारी हरिकेश मीणा, एडीपीसी दिनेश गुप्ता, प्रशासनिक सेवा अधिकारी धारासिंह मीणा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
यह आयोजन क्षेत्र में शिक्षा विकास और सामाजिक सहभागिता का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बना।




