श्री खेतेश्वर प्रतियोगी परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा तैयारियों को लेकर रणनीतिक बैठक आयोजित
श्री खेतेश्वर विद्यापीठ, बड़ली स्थित श्री खेतेश्वर प्रतियोगी परीक्षा केंद्र में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश परीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर मंगलवार को समीक्षा एवं रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रवेश परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं, अनुशासन, पारदर्शिता तथा अभ्यर्थियों की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक परम पूज्य कुलगुरु श्री खेताराम जी महाराज के पावन आशीर्वाद, अनंत श्री विभूषित ब्रह्मर्षि ब्रह्मचारी श्री तुलछाराम जी महाराज की प्रेरणा तथा पूज्य गुरुदेव वेदांताचार्य डॉ. ध्यानाराम जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति एवं दिव्य सान्निध्य में संपन्न हुई।
संस्थान प्रशासन के अनुसार 26 जून 2026 को आयोजित होने वाली प्रवेश परीक्षा के लिए इस वर्ष कुल 529 आवेदन प्राप्त हुए हैं। यह संख्या संस्थान के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों के बढ़ते विश्वास का प्रमाण मानी जा रही है।
श्री खेतेश्वर प्रतियोगी परीक्षा केंद्र खुशालसिंह लूणावास (सेवानिवृत्त आरपीएस) के समन्वय तथा समाज के वरिष्ठ शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों और विषय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है। विगत छह वर्षों में संस्थान प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। अब तक यहां से अध्ययन कर चुके 100 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयन हो चुका है।
बैठक में महामंत्री भूरसिंह आउवा, कोषाध्यक्ष गोपालसिंह बिलाड़ा, नरपतसिंह बासनी राजगुरां, सतेंद्रसिंह निंबाडा, शिवसिंह ढारिया, इंजीनियर राजूसिंह भाटेलाई, डॉ. ओमप्रकाश भटनोखा, डॉ. चंदनसिंह हिराजसर, अनिल पुरोहित तथा वार्डन बाबूसिंह थोब सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, श्रेष्ठ मार्गदर्शन, अनुशासित वातावरण तथा सफलता के सर्वोत्तम अवसर उपलब्ध कराना संस्थान का मुख्य उद्देश्य है। आगामी प्रवेश परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और परीक्षा को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की पूरी योजना तैयार है।




