काजल राघवानी के खुलासों के बाद खेसारी ने क्या कहा?
नई दिल्ली: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और सिंगर खेसारी लाल यादव एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। रियलिटी शो भोजपुरी बवाल में काजल राघवानी ने अपने पुराने रिश्ते और उससे जुड़े अनुभवों को लेकर कई खुलासे किए थे। अब खेसारी लाल यादव ने इन आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
काजल राघवानी के खुलासों पर बोले खेसारी
काजल राघवानी ने शो में बिना नाम लिए खेसारी लाल यादव के साथ अपने पुराने रिश्ते को लेकर कई बातें साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि शादीशुदा होने के बावजूद खेसारी उनके करवाचौथ का व्रत खुलवाने आते थे। इन बयानों के बाद खेसारी से उनके रिश्ते को लेकर सवाल किए गए।
खेसारी ने जवाब देते हुए कहा कि उनके रिश्ते के बारे में सही बात या तो काजल जानती हैं, वह जानते हैं या भगवान। उन्होंने यह भी कहा कि वह काजल के बारे में गलत नहीं बोलना चाहते और किसी के कुछ कहने से सामने वाला व्यक्ति गलत साबित नहीं हो जाता।
क्या खेसारी ने काजल पर हाथ उठाया था?
खेसारी लाल यादव से जब सीधे पूछा गया कि क्या उन्होंने कभी काजल राघवानी पर हाथ उठाया था, तो उन्होंने इससे साफ इनकार किया।
उन्होंने कहा कि वह ऐसा कभी नहीं कर सकते। खेसारी ने यह भी दावा किया कि उन्होंने आज तक अपनी पत्नी पर भी हाथ नहीं उठाया। उन्होंने बताया कि पति-पत्नी के बीच झगड़े हुए हैं, लेकिन उन्होंने कभी मारपीट नहीं की।
बोले- महिलाओं का सम्मान करता हूं
खेसारी ने महिलाओं के प्रति सम्मान की बात करते हुए कहा कि किसी महिला पर हाथ उठाकर मर्दानगी साबित नहीं की जाती। उन्होंने कहा कि वह अपनी पत्नी और हर रिश्ते का सम्मान करते हैं। साथ ही उन्होंने काजल को जलील करने के आरोप से भी इनकार किया।
अभिनेता ने यह भी कहा कि अगर काजल से पूछा जाए कि क्या उन्होंने कभी उन पर हाथ उठाया, तो उनका जवाब भी नहीं होगा।



