Categories लोड हो रही हैं...

खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव की धूम, आज लगेगा छप्पन भोग

खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर भव्य सजावट और आतिशबाजी हुई। आज एकादशी पर छप्पन भोग लगेगा। मेले में 3 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

shruti dadhich20 November 2026
खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव की धूम, आज लगेगा छप्पन भोग

खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव की धूम, तोरण द्वार पर रात ढाई बजे तक हुई आतिशबाजी; आज लगेगा छप्पन भोग

सीकर। धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। जन्मोत्सव से पहले गुरुवार रात खाटूश्यामजी के तोरण द्वार पर जमकर आतिशबाजी की गई। लोगों ने पटाखे जलाकर देर रात तक जश्न मनाया। आतिशबाजी का दौर रात करीब ढाई बजे तक चलता रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

तोरण द्वार पर संभावित आतिशबाजी और भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से पहले ही बैरिकेडिंग की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस जवानों के साथ निजी सुरक्षाकर्मियों को भी तैनात किया गया था।

आज एकादशी पर बाबा को लगेगा छप्पन भोग, केक का भी लगाएंगे भोग

बाबा श्याम के जन्मोत्सव के अवसर पर आज एकादशी के दिन मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इस दौरान बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालु बाबा को केक का भोग लगाकर भी जन्मोत्सव की खुशियां मनाएंगे। जन्मोत्सव के चलते मंदिर पूरी रात श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहेगा।

वहीं शनिवार और रविवार को वीकेंड होने के कारण खाटूश्यामजी में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं के अनुसार इन दोनों दिन भी मंदिर रातभर खुला रखा जा सकता है।

News Detail Ad 1
Ad1
Ad2
News Detail Ad 1
Ad1
Ad2

वृंदावन थीम पर सजा बाबा श्याम का दरबार, बेंगलुरु-कोलकाता से मंगाए फूल

बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर इस बार मंदिर परिसर को वृंदावन थीम पर आकर्षक तरीके से सजाया गया है। सजावट में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं और उनके अलग-अलग अवतारों को दर्शाया गया है। मंदिर की भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

मंदिर परिसर को सजाने के लिए बेंगलुरु और कोलकाता से विशेष फूल मंगवाए गए हैं। फूलों और आकर्षक सजावट के बीच बाबा श्याम का दरबार भक्तों को वृंदावन की भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण का एहसास करा रहा है।

सुरक्षा के लिए 3 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात

जन्मोत्सव और एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेले में करीब 3 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस और निजी सुरक्षाकर्मी भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।

खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है। आगामी तीन दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।