खाटूश्यामजी में बाबा श्याम का जन्मोत्सव आज, 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान; 12 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं
देवउठनी एकादशी पर दो दिवसीय जन्मोत्सव मेले की शुरुआत, दिल्ली-हरियाणा समेत कई शहरों से पहुंच रहे भक्त; 240 CCTV कैमरों और ड्रोन से होगी निगरानी
खाटूश्यामजी (सीकर)। राजस्थान के सीकर जिले की धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में शुक्रवार को बाबा श्याम का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय जन्मोत्सव मेले में देशभर से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। प्रशासन ने इस दौरान करीब 5 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान जताया है। गुरुवार रात से ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। बाबा के दरबार को रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है।
हारे के सहारे बाबा खाटू श्याम के जन्मोत्सव पर श्रद्धालु दूर-दराज के शहरों से दर्शन करने पहुंच रहे हैं। कई भक्त बाबा का निशान लेकर पैदल यात्रा करते हुए खाटूधाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा, यातायात तथा दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए हैं।
खाटूश्यामजी जाने वाले इस सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद
पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 19 नवंबर दोपहर 2 बजे से 21 नवंबर सुबह 10 बजे तक रींगस-लाखनी-लांपुवा-चौमूं पुरोहितान-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की है।
इस दौरान इस मार्ग पर सामान्य वाहनों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बड़ी संख्या में पैदल श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो।
बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर 12 स्पेशल ट्रेनें
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने 12 स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं। दिल्ली, हरियाणा, जयपुर, रींगस और ढेहर का बालाजी सहित विभिन्न मार्गों से श्रद्धालुओं को सीकर क्षेत्र तक पहुंचाने के लिए विशेष रेल व्यवस्था की गई है।
वहीं सुरक्षा के लिहाज से पूरे क्षेत्र में 240 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से भी मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन का अनुमान है कि दो दिवसीय आयोजन में करीब 5 लाख श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।


