खण्डार शहर में आयोजित विशाल सुंदरकांड पाठ और संकीर्तन कार्यक्रम ने पूरे क्षेत्र को भक्ति के रंग में रंग दिया। पुरानी कचहरी स्थित बालस्वरूप हनुमान जी मंदिर परिसर में आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालु उमड़े और पूरे दिन वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंगला आरती से हुई, जिसके बाद बालाजी का अभिषेक और आकर्षक फूल बंगला झांकी सजाई गई। इसके पश्चात छप्पन भोग महाप्रसाद की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। दिनभर धार्मिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहा और शाम होते-होते पूरा पंडाल श्रद्धा और आस्था से सराबोर हो गया।
शाम 7 बजे श्यामा-श्याम संकीर्तन मंडल द्वारा “हरे राम हरे कृष्ण” संकीर्तन का आयोजन किया गया, जो करीब डेढ़ घंटे तक चला। इसके बाद रात 8:30 बजे 1100 सुंदरकांड पाठ का शुभारंभ हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। शहर के प्रसिद्ध भजन गायक गणेश गुप्ता ने अपनी मधुर आवाज में सुंदरकांड का पाठ किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
संगीत की संगत में भी विशेष आकर्षण रहा, जहां मध्य प्रदेश के श्योपुर से आए प्रदीप राव ने तबले पर शानदार प्रस्तुति दी, वहीं जूनियर मास्टर जगमोहन ने अन्य वाद्य यंत्रों पर बेहतरीन संगत निभाई।
इस आयोजन में शहर के युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। मुकेश परित्या, शशि त्रिवेदी, लड्डू त्रिवेदी, पवन पंसारी, बृज बिहारी, राजेश पंसारी और सुग्रीव चौधरी सहित दर्जनों युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में महाआरती के साथ प्रसाद वितरण किया गया। हजारों महिला-पुरुषों और युवक-युवतियों ने एक साथ सुंदरकांड पाठ कर धार्मिक एकता और आस्था का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। इस भव्य आयोजन की शहरवासियों ने जमकर सराहना की और आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।




