खण्डार क्षेत्र के खटकड़ गांव में एक गाय के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आने के बाद गौ सेवकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। शनिवार शाम हुई इस घटना को लेकर गौ सेवकों ने खण्डार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गौ सेवक शम्भूदयाल सैनी ने आरोप लगाया कि खटकड़ निवासी काशीराम केवट ने एक गाय को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीट दिया, जिससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि मारपीट के कारण गाय के चारों पैर टूट गए और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही गौ सेवक मौके पर पहुंचे और घायल गाय के साथ उसके बछड़े को टेम्पो के माध्यम से खण्डार लेकर आए। इसके बाद लाडवन गौशाला के गौ सेवकों के साथ खण्डार थाने पहुंचकर थानाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपी गई।
गौ सेवकों ने आरोपित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि गौवंश के साथ इस प्रकार की घटना अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोगों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




