केतन मर्डर केस में नया वीडियो सामने आया, साजिश के कई राज खुले
महाराष्ट्र के चर्चित केतन मर्डर केस में नया वीडियो सामने आने के बाद जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या से एक दिन पहले 17 जून को आरोपी सिया और उसके प्रेमी चेतन चौधरी एक कैफे में मिले थे, जहां कथित तौर पर केतन की हत्या की अंतिम साजिश रची गई।
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, दोनों ने लोहगढ़ किले पर वह स्थान भी पहले से चुन लिया था, जहां से केतन को खाई में धक्का देना था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यदि केतन उस प्रयास में बच जाता तो 20 जून के बाद उसे सड़क हादसे का रूप देकर मारने की वैकल्पिक योजना भी तैयार की गई थी।
31 मई को आया हत्या का विचार
जांच के अनुसार, 31 मई को सिया और उसके मंगेतर केतन लोहगढ़ किले पर घूमने गए थे। वहीं एक खतरनाक स्थान पर बैठे केतन को देखकर सिया के मन में पहली बार उसे रास्ते से हटाने का विचार आया।
14 जून को पहली कोशिश नाकाम
पुलिस के मुताबिक 14 जून को सिया ने दोबारा केतन को किले पर चलने के लिए राजी किया। वहां उसने कथित रूप से केतन को पीछे से धक्का दिया, लेकिन पेड़ का सहारा मिलने से उसकी जान बच गई। उस समय सिया ने सांप दिखने का बहाना बनाकर घटना को हादसा बताया था।
18 जून को तीसरी कोशिश में हुई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया है कि 18 जून को सिया ने प्री-वेडिंग फोटोशूट का बहाना बनाकर केतन को फिर लोहगढ़ किले पर बुलाया। आरोप है कि इस बार चेतन चौधरी भी वहां मौजूद था। एक सुनसान स्थान पर मौका मिलते ही दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आमने-सामने पूछताछ जारी
मामले में गिरफ्तार सिया और चेतन को अदालत ने सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। बुधवार देर रात दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई। पुलिस ने चेतन की दुकान में काम करने वाले नीरज को भी हिरासत में लिया है। शक है कि वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए फोन से सिया और चेतन लगातार संपर्क में थे।
सिया ने पूछताछ में क्या कहा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिया ने पुलिस को बताया कि वह यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ाना चाहती थी और उसने केतन से शादी करने से भी इनकार किया था। हालांकि केतन शादी की तैयारियों में जुटा रहा, जिसके बाद उसने कथित रूप से उससे छुटकारा पाने की योजना बनाई।




