भारत विकास परिषद द्वारा पानी टंकी के पास पुराने बस स्टैंड पर नव वर्ष उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शाखा सदस्यों ने नीम की कोपल, मिश्री और काली मिर्च के प्रसाद के साथ कुमकुम तिलक लगाकर आगंतुकों का स्वागत किया। साथ ही नगाड़ा और शहनाई वादन से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद के संरक्षक सूर्य प्रकाश बागला, वरिष्ठ सदस्य ओम बिरला और अध्यक्ष डॉ. कौशल गुप्ता द्वारा मां भारती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर तिलक लगाकर तथा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान नगरवासियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं।
इसके पश्चात भारत विकास परिषद राजस्थान दक्षिण-पूर्वी प्रांत की शाखा केशोरायपाटन का वार्षिक चुनाव एवं होली स्नेह मिलन समारोह बंकट व्यायामशाला में आयोजित किया गया। चुनाव पर्यवेक्षक कौशल मालव की देखरेख में शाखा के चुनाव निर्विरोध संपन्न हुए।
चुनाव में मुकेश जैन को अध्यक्ष, विजय मिलिंद को सचिव और सुरेंद्र कुमार गोस्वामी को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। इस अवसर पर डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. नारायण प्रसाद दीक्षित को परिषद की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कवि प्रशांत तनवानी ने वीर रस की कविता प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, वहीं कवि नारायण दीक्षित ने “मैं मेवाड़ बोलता हूं” कविता सुनाकर खूब तालियां बटोरीं।
चुनाव के बाद होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस दौरान सामूहिक स्नेहभोज और विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक सूर्य प्रकाश बागला, वरिष्ठ सदस्य प्रदीप बब्बर, ओमप्रकाश बिरला, राजकुमार कहालिया, गिरिराज धुप्पड़, रामावतार गुप्ता, विष्णु चित्तौड़ा सहित अनेक सदस्य एवं महिला सदस्य ललितेश शर्मा उपस्थित रहे।




