हाड़ौती के हरिद्वार के नाम से प्रसिद्ध केशोरायपाटन में पुरुषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या के अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। चंबल नदी में पवित्र स्नान और भगवान केशवराय जी के दर्शन के लिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचे।
सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के साथ ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, चंबल तट और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। चंबल नदी के घाटों पर कार्तिक पूर्णिमा जैसा दृश्य देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भगवान श्री केशवराय जी के मंदिर में विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर जयकारों के साथ भगवान के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सोमवती अमावस्या का व्रत रखकर पूजा-अर्चना की तथा धार्मिक कथाओं का श्रवण किया।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग और चंबल घाटों पर दिनभर रौनक बनी रही। बड़ी संख्या में पहुंचे वाहनों के लिए प्रशासन द्वारा नए बायपास रोड और राजेश्वर रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। कस्बे में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए चौपहिया वाहनों को मंदिर मार्ग से पहले ही डायवर्ट किया गया।
हालांकि अपार जनसमूह के कारण पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं भी कई स्थानों पर कम पड़ती नजर आईं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना अधिकारी सहित पुलिस जाब्ता मंदिर परिसर और चंबल घाट पर तैनात रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन लगातार निगरानी करता रहा।
सोमवती अमावस्या के इस विशेष अवसर पर केशोरायपाटन में धर्म, आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर भगवान केशवराय जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।



