राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ, केशवरायपाटन (जिला बूंदी) द्वारा आयोजित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य अतिथियों एवं शिक्षाविदों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में सीओ स्काउट प्रदीप चित्तौड़ा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। वहीं दीपक शर्मा (निदेशक, केपाटन गर्ल्स कॉलेज) एवं सुभाष गर्ग (निदेशक, गर्ग कंस्ट्रक्शन) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा महिला मोर्चा आईटी सह-संयोजक श्रीमती आशीष वर्मा तथा प्रधानाचार्य द्वारका प्रसाद सेन उपस्थित रहे।
मुख्य वक्ता प्रदीप चित्तौड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियाँ विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति का विकास करती हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती आशीष वर्मा ने स्काउटिंग को सकारात्मक सोच और व्यक्तित्व निर्माण का मजबूत माध्यम बताया। वहीं अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को जीवन में कौशल, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के महत्व के प्रति प्रेरित किया।
समारोह के दौरान भामाशाह दीपक शर्मा एवं सुभाष गर्ग द्वारा शिविर में शामिल छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित अतिथियों के लिए भोजन व्यवस्था भी की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।
स्थानीय संघ सचिव चंद्रप्रकाश ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में डांस, मेहंदी, ब्यूटीशियन, योग, सेल्फ डिफेंस सहित विभिन्न कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान किए गए। इससे छात्र-छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें रोजगारोन्मुखी एवं जीवनोपयोगी कौशल सीखने का अवसर मिला।
शिविर के सफल संचालन में सह सचिव प्रीति शर्मा, युवराज शर्मा, हीरालाल गोचर, गायत्री सुमन, मीनू भाटिया तथा हाड़ी रानी गाइड ओपन क्रू लीडर उमा हाड़ा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन युवराज शर्मा द्वारा किया गया।




