कायस्थ महासभा सवाई माधोपुर द्वारा स्नेह मिलन समारोह का भव्य आयोजन बंशी मैरिज गार्डन, आलनपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य लोग, युवा एवं महिलाएं उत्साहपूर्वक शामिल हुए और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मानवेंद्र शुक्ला के अनुरोध पर रक्त की कमी को ध्यान में रखते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। डॉ. अश्विनी सक्सैना के निर्देशन में चित्रांश बंधुओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। इस दौरान विष्णु माथुर, हर्षित सक्सैना, प्रतीक सक्सैना, तनय राज कुलश्रेष्ठ, संदीप माथुर और संजय सक्सैना सहित कई युवाओं ने मानव सेवा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रक्तदान किया। इस कार्य में श्री दिलीप गौतम एवं लैब टेक्नीशियन सुनील शर्मा का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ महासभा अध्यक्ष डॉ. अश्विनी सक्सैना एवं भारत भूषण माथुर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कार्तिक श्रीवास्तव द्वारा गणेश वंदना प्रस्तुत कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में आरोही श्रीवास्तव, मालती कुलश्रेष्ठ, मुद्रिका माथुर, दिव्यांशी सक्सैना, रूचिका माथुर, प्रीति माथुर, रिद्धिमा माथुर और रिशा माथुर ने शानदार प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
इसके साथ ही देवेन्द्र माथुर और मुकेश माथुर के निर्देशन में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। कार्यक्रम के दौरान हमेशा की तरह मनोरंजन के लिए क्विज, चेयर रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
महासभा के महासचिव अनूप कुलश्रेष्ठ ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर नई कार्यकारिणी में श्रीमती शालिनी माथुर को सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन विष्णु माथुर एवं मुकेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण देखने को मिला।




