कन्यादान ग्रुप ने अनाथ बहन का मायरा भरकर निभाया सामाजिक दायित्व
मकराना के कन्यादान ग्रुप ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए डीडवाना तहसील के खुनखुना गांव की एक अनाथ एवं जरूरतमंद बेटी की शादी में आर्थिक और आवश्यक सामग्री का सहयोग प्रदान किया। ग्रुप ने मायरा भरते हुए ₹61,000 नकद की सहायता दी और बेटी के विवाह को सम्मानपूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रुप द्वारा यह सराहनीय पहल लगातार 12वीं बार की गई है। संस्था जरूरतमंद एवं अनाथ बेटियों की शादी में सहयोग कर समाज में सेवा और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दे रही है।
कन्यादान ग्रुप ने बेटी के लिए दो पोशाक, सोने का लूंग (नोजपिन), चांदी की पायजेब, चांदी की बिछिया की एक जोड़ी तथा दहेज के रूप में सोफा सेट और टेबल सेट भी भेंट किए। इसके अतिरिक्त उपस्थित सदस्यों ने ₹2,100 की टीकावनी, ₹2,100 का कन्यादान और ₹5,100 की बान भी भरी।
इस अवसर पर महेन्द्र राजोद की ओर से पानी के कैन की व्यवस्था तथा विवाह समारोह की वीडियोग्राफी सेवा निशुल्क उपलब्ध कराई गई। कन्यादान ग्रुप के सदस्यों और भामाशाहों के सामूहिक सहयोग से कुल ₹1,11,000 की सहायता राशि कन्या के परिजनों को सौंपी गई।
इस पुनीत कार्य में हनुमान तंवर सिकराली, सवाई सिंह अंगुता, लोकेश सोनी, श्रीकृष्ण बगड़िया, इन्द्र आचार्य, रामनिवास जाखेड़ा, रामचंद्र इंडलिया, भिखाराम गेनाना, करण गुर्जर, पूर्व सरपंच धनश्याम चौधरी, केदार टेलर, हुसैन रज्जाक, सम्पत स्वामी, कैलाश बीडियासर, अमृतलाल चबराल, नेमाराम चाहर और ओमप्रकाश पूनिया सहित अनेक समाजसेवियों ने सहयोग दिया।
ग्रामीणों ने कन्यादान ग्रुप एवं सभी भामाशाहों के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जरूरतमंद परिवारों के लिए प्रेरणा और सहारा बनते हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए




