कालवा बड़ा में जन कल्याण शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
राज्य सरकार के जन कल्याण शिविर अभियान के तहत ग्राम पंचायत कालवा बड़ा, पंचायत समिति मकराना में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
शिविर में पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, उपखण्ड अधिकारी अंशुल सिंह, विकास अधिकारी दीपक चौधरी, तहसीलदार कृष्णा शर्मा, सरपंच दिलीप सिंह राठौड़ सहित 22 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया गया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
राजस्व विभाग द्वारा नामांतरण के 25, फार्मर रजिस्ट्री के 10, सहमति से भूमि बंटवारे का 1, सीमाज्ञान के 2, नाम शुद्धिकरण के 3, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्रों के 64 तथा भूमि आवंटन के 1 प्रकरण का निस्तारण किया गया।
पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 11 पट्टे जारी किए गए, 220 व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृत किए गए तथा आरआरसी आवंटन के एक प्रकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसके साथ ही एक स्वयं सहायता समूह का गठन भी किया गया।
कृषि विभाग द्वारा मिट्टी के 10 नमूने लिए गए, 50 मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए तथा फार्म पॉण्ड के लिए 10 आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं विद्युत विभाग ने 5 त्रुटिपूर्ण मीटर बदलकर उपभोक्ताओं को राहत प्रदान की। पशुपालन विभाग ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 10 पशुपालकों को लाभान्वित किया तथा 50 पशुओं का रोग प्रतिरोधक टीकाकरण किया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों की मांग पर पूर्व विधायक श्रीराम भींचर ने कालवा बड़ा में नहरी योजना के अवैध कनेक्शनों को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए। इस पर जलदाय विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शनों को चिन्हित कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू की।
शिविर में कालवा बड़ा निवासी कल्याणराम पुत्र पुसाराम को आवासीय पट्टा प्रदान किया गया। यह पट्टा पूर्व विधायक श्रीराम भींचर, उपखण्ड अधिकारी अंशुल सिंह, विकास अधिकारी दीपक चौधरी, तहसीलदार कृष्णा शर्मा एवं सरपंच दिलीप सिंह राठौड़ द्वारा सौंपा गया।




