नेविगेशन सिस्टम फेल होने के बाद टूटा संपर्क, अरब सागर में तेज़ी से जारी सर्च ऑपरेशन
पाकिस्तान का एक कार्गो विमान मंगलवार रात कराची पहुंचने से पहले लापता हो गया। यह विमान शारजाह से कराची आ रहा था और इसमें 5 क्रू मेंबर सवार थे।
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी (PAA) के अनुसार, रात 9:18 बजे पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी। कंट्रोल रूम ने विमान को सुरक्षित दिशा देने की कोशिश की, लेकिन करीब तीन मिनट बाद विमान से संपर्क पूरी तरह टूट गया। आखिरी बार विमान कराची से 155 नॉटिकल मील (लगभग 287 किलोमीटर) पश्चिम में ट्रैक किया गया।
अरब सागर में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन
विमान के लापता होने के बाद पाकिस्तान नेवी, एयर फोर्स और अन्य एजेंसियों ने अरब सागर में बड़े पैमाने पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने या किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं
PAA का कहना है कि विमान के लापता होने के कारणों की जांच जारी है। विमान और उसमें मौजूद पांचों क्रू मेंबरों की स्थिति को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फ्लाइटराडार24 (FlightRadar24) के शुरुआती डेटा के अनुसार, संपर्क टूटने से पहले विमान ने पहले ऊंचाई खोई, फिर कुछ ऊपर गया और उसके बाद अचानक तेजी से नीचे आने लगा। शुरुआती आशंका है कि विमान अरब सागर में दुर्घटनाग्रस्त हुआ हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
एविएशन एक्सपर्ट ने क्या कहा?
एविएशन एक्सपर्ट इमरान असलम ने ARY न्यूज से बातचीत में कहा कि इंजन फेल होने की स्थिति में भी विमान सामान्यतः कुछ दूरी तक ग्लाइड करता है। उनके मुताबिक विमान का इतनी तेजी से नीचे आना सामान्य नहीं माना जाता और वास्तविक कारण विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगा।
2018 में शुरू हुई थी K2 एयरवेज
कराची स्थित निजी कार्गो एयरलाइन K2 Airways की शुरुआत मई 2018 में हुई थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ 27 साल पुराना Boeing 737 वर्ष 2024 में एयरलाइन के बेड़े में शामिल किया गया था। यह कंपनी का इकलौता विमान था और इसकी पिछली उड़ान 28 जून को संचालित हुई थी।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि वह पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी और अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ जांच और सर्च ऑपरेशन में पूरा सहयोग कर रही है।
नेविगेशन सिस्टम क्या होता है?
नेविगेशन सिस्टम विमान की लोकेशन, दिशा, ऊंचाई और तय उड़ान मार्ग की जानकारी देता है। इसके लिए GPS, इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम (INS), रेडियो बीकन और अन्य सेंसर का उपयोग किया जाता है। यही सिस्टम पायलट को सुरक्षित उड़ान भरने और सही मार्ग पर बने रहने में मदद करता है।




