जोधपुर संभाग के रानीवाड़ा संच अंतर्गत ग्राम जोड़वास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विश्व योग दिवस उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। एकल अभियान (भीनमाल अंचल) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, ग्रामीण महिला-पुरुषों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन मंत्र "ॐ संगच्छध्वं संवदध्वं..." के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। इसके पश्चात शारीरिक शिक्षक भावा रामजी वाघेला ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न योगाभ्यास करवाते हुए योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। अंचल प्रशिक्षण प्रमुख मोड़ा राम के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, बैठकर किए जाने वाले आसन, पेट और पीठ के बल किए जाने वाले योगासन तथा विभिन्न प्राणायाम क्रियाओं का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में भाग गतिविधि प्रमुख रमेश कुमार पंचाल ने एकल अभियान की पृष्ठभूमि, योग के वैश्विक महत्व तथा योग दिवस की थीम पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है तथा इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य करनाराम वाणिका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की श्रेष्ठ कला है। उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से नियमित योग करने का आह्वान किया ताकि वे तनावमुक्त रहकर अपने लक्ष्य प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। विश्व कल्याण और शांति की कामना के साथ शांति पाठ कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
कार्यक्रम में संच प्रमुख आसुराम गोयल, राजेश रोहीण, नीता कुमारी, गोविंद पराडिया, गोविंद सोलंकी, सावला राम, महेंद्र सोलंकी, नरपत कुमार गोयल सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




