विश्व पर्यावरण दिवस पर जोबनेर में निकली जागरूकता रैली, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर की अधीनस्थ इकाइयों श्री कर्ण नरेंद्र कृषि महाविद्यालय एवं कॉलेज ऑफ डेयरी टेक्नोलॉजी द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह चौहान ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है तथा प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
अधिष्ठाता एवं संकाय अध्यक्ष डॉ. डी.के. गोठवाल ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने बताया कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। वे प्राणवायु (ऑक्सीजन) प्रदान करने के साथ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सकता है।
रैली में महाविद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ”, “एक पेड़, एक जिंदगी” तथा “हरियाली है जीवन का आधार” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम के आयोजक सचिव एवं सहायक छात्र कल्याण निदेशक डॉ. गजानन्द जाट ने कहा कि ऐसी जागरूकता रैलियाँ विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ समाज में हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु सकारात्मक संदेश प्रसारित करती हैं। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
रैली ने महाविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश फैलाया तथा सभी को हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित किया। रैली का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण के संकल्प के साथ हुआ।
रैली के दौरान डॉ. मनोज कुमार शर्मा, डॉ. बी.एस. बधाला, डॉ. पी.एस. शेखावत, डॉ. शंकर लाल शर्मा, डॉ. नरेन्द्र, डॉ. राजेश सिंह एवं फूलचंद सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 163 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता की।




