झालावाड़ में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने जिले के पर्यटन विकास को बढ़ावा देते हुए ऐतिहासिक गढ़ पैलेस स्थित राजकीय संग्रहालय में “गागरोन दुर्ग गैलरी” और “गढ़ पैलेस सेल्फी पॉइंट” का भव्य उद्घाटन किया।
इस दौरान उन्होंने गैलरी का अवलोकन किया और सेल्फी पॉइंट पर फोटो भी खिंचवाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झालावाड़ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरों से समृद्ध जिला है, जिसे पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना आवश्यक है।
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि “गागरोन दुर्ग गैलरी” को पंच गौरव योजना के तहत आकर्षक और जानकारीपूर्ण रूप दिया गया है। इसमें गागरोन दुर्ग के प्रमुख स्थलों के सजीव चित्रों के साथ विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई है। साथ ही डाक टिकट, “राय तोते” की झलक, चित्रकला प्रतियोगिता के छायाचित्र और वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स प्रमाण पत्र भी शामिल किए गए हैं।
गैलरी का मुख्य आकर्षण गागरोन दुर्ग का भव्य मॉडल है, जो पर्यटकों को वास्तविक अनुभव प्रदान करता है।
वहीं गढ़ पैलेस के सामने विकसित सेल्फी पॉइंट ताजमहल की तर्ज पर बनाया गया है, जो पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के नवाचार पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ाएंगे। उन्होंने आमजन से ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम में उप वन संरक्षक सागर पंवार, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक सिराज कुरैशी, डॉ. मधुसूदन आचार्य सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




