राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर थाना घाटोली क्षेत्र के गुलखेड़ी के निकट हुई सड़क दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों की कुशलक्षेम पूछने हेतु जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सोमवार को झालावाड़ स्थित संजीवनी अस्पताल पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि रविवार रात्रि को एक लोडिंग ऑटो में सवार 22 श्रद्धालु ग्राम देवरी मंदिर, थाना भालता के दर्शन कर कमलेश्वर महादेव, जिला बूंदी से लौट रहे थे। इसी दौरान गुलखेड़ी के पास ऑटो चालक को नींद आने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में गिर गया। दुर्घटना में दो महिलाओं एवं एक पुरुष की मृत्यु हो गई, जबकि अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अकलेरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को निरोगधाम अस्पताल अकलेरा एवं झालावाड़ रेफर किया गया।
जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रबंधन को घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि घायलों को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने घायलों के परिजनों से भी भेंट कर उनका ढांढस बंधाया तथा प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों की सतत निगरानी रखने एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




