खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा जिले में कालाबाजारी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार को प्राप्त सूचना के आधार पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सरोला कला के पास स्थित श्याम किराना स्टोर एवं टी स्टॉल पर छापामार कार्रवाई की गई।
जिला रसद अधिकारी जितेन्द्र कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके से कुल 15 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 14 घरेलू एवं 1 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर शामिल है। इसके अतिरिक्त एक इलेक्ट्रॉनिक मोटर भी जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि मौके पर उपस्थित व्यक्ति शिवम प्रजापति द्वारा संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए, जिससे गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी एवं अवैध रिफिलिंग की आशंका पाई गई।
बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर नजदीकी गैस एजेंसी बोहरा गैस इण्डेन को सुपुर्द किया गया।
जिला रसद अधिकारी ने बताया कि प्रकरण में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत सरोला कला थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज करवाई गई है।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग अथवा नजदीकी प्रशासन को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




