दूदू–मालपुरा–टोडारायसिंह–छाण स्टेट हाईवे पर आरएसआरडीसी की ओर से गांव बासेड़ा में चल रहे सड़क मरम्मत कार्य के दौरान ठेकेदार की लापरवाही सामने आई है। कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से बासेड़ा–गणेती पेयजल आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कई गांवों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
जानकारी के अनुसार बासेड़ा गांव से गुजरने वाली यह सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी और बरसात के दौरान यहां पानी भरने की समस्या बनी रहती थी। इससे आमजन, राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क मरम्मत कार्य शुरू किया गया था।
लेकिन मरम्मत कार्य के दौरान आवश्यक सावधानी नहीं बरतने से मंगलवार को जेसीबी मशीन की चपेट में आकर मुख्य पेयजल पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन टूटने से बड़ी मात्रा में शुद्ध पेयजल व्यर्थ बह गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
इस घटना के बाद बासेड़ा, गणेती सहित आसपास के दर्जनों गांवों में जलापूर्ति बाधित हो गई है। भीषण गर्मी के बीच अचानक पानी बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने लगा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र पाइपलाइन मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और भविष्य में इस तरह की लापरवाही से बचा जा सके।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




