जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में एक पांच वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने निजी क्लिनिक के चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क जाम भी रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार जलालपुर क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी सतीश विश्वकर्मा अपने पांच वर्षीय पुत्र ओम को तेज बुखार आने पर सोमवार रात करीब 11 बजे पराऊगंज बाजार स्थित एक निजी शिवम् क्लिनिक लेकर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में चिकित्सक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के तुरंत बाद बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
परिजनों के मुताबिक बच्चे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे किसी अन्य अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिवार उसे उपचार के लिए जौनपुर लेकर रवाना हुआ, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण पराऊगंज पहुंचे तथा चिकित्सक पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए बच्चे के शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान जलालपुर थाना गद्दी-केराकत मार्ग पर लगभग 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद जाम खुलवाया। जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था, जिसे समाप्त करा दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारण तथा लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।




