जाट समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन का शुभारंभ, 23 जोड़े होंगे परिणय सूत्र में बंधे
गणेश एवं ध्वज पूजन के साथ हुई 23वें सम्मेलन की मंगल शुरुआत
जाट समाज के 23वें सामूहिक विवाह सम्मेलन का शुभारंभ गुरुवार को धार्मिक एवं आध्यात्मिक माहौल के बीच गणेश पूजन एवं ध्वज पूजन के साथ विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धा-भक्ति के वातावरण में सम्मेलन की मंगल शुरुआत की गई।
सम्मेलन में इस वर्ष 23 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। शुभारंभ अवसर पर सम्मेलन अध्यक्ष राजेश चौधरी, ऋषिलाल चौधरी एवं उनकी धर्मपत्नी अनीता चौधरी तथा मुकेश खादवाल एवं उनकी धर्मपत्नी रामेश्वरी देवी चौधरी ने परिवार सहित पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
पूजन कार्यक्रम में पंडित भवरलाल एवं राजाराम पारीक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई। आयोजन स्थल पर समाज के गणमान्य लोग, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
सम्मेलन के शुभारंभ के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजन समिति द्वारा आगामी वैवाहिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी जोर-शोर से की जा रही हैं।
सामूहिक विवाह सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, विवाह संस्कार को सादगीपूर्ण बनाना तथा सामाजिक सहयोग की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी राहत मिलती है और समाज में एकता एवं सहयोग की भावना को बल मिलता है।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




