झालावाड़-बारां सांसद श्री दुष्यंत सिंह ने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसंवाद पद यात्रा के दौरान प्राप्त प्रत्येक परिवेदना का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक विभाग संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करे।
मनोहरथाना एवं पिड़ावा ग्रामीण क्षेत्र में 9 से 13 अप्रैल तक आयोजित पाँच दिवसीय जनसंवाद पद यात्रा के दौरान प्राप्त परिवेदनाओं की समीक्षा हेतु मिनी सचिवालय सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि कुल 648 परिवेदनाएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 179 का त्वरित निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 237 प्रकरण प्रक्रिया में हैं और शेष प्रकरणों पर नियमानुसार कार्रवाई जारी है।
बैठक में पेयजल, सिंचाई और बिजली व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए सांसद ने गर्मी के मौसम में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कहीं भी पानी की कमी नहीं होनी चाहिए।
सिंचाई परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए किसानों को प्राथमिकता देने और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए टूटे पोल बदलने, लाइनों को मजबूत करने और फॉल्ट की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में सड़क निर्माण, स्वास्थ्य सेवाएं, रोडवेज बस संचालन, जल संसाधन, पुलिस एवं अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सांसद ने सभी विभागों को जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




