जनगणना कार्य के दौरान आए अचानक तेज तूफान में आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एवं महिला प्रगणक उषा शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना 30 मई की सांयकाल की है, जब वह जनगणना सर्वेक्षण कार्य में व्यस्त थीं। अचानक आए तूफान के दौरान फाइबर का एक टुकड़ा उनके सिर पर आकर लगा, जिससे वह घायल होकर खून से लथपथ हो गईं।
घटना के दौरान समाजसेविका तेज कंवर मौके पर पहुंचीं और घायल महिला प्रगणक को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। इसके बाद परिजनों द्वारा उन्हें चिकित्सालय ले जाकर उपचार करवाया गया। समय पर सहायता मिलने से एक बड़ा हादसा टल गया और महिला प्रगणक की जान बच सकी।
राजस्थान कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) की प्रदेश मंत्री नूतन तिवारी ने घायल महिला सुपरवाइजर के निवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी सुपरवाइजर एक ओर आंगनवाड़ी केंद्रों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग का महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर जनगणना जैसे राष्ट्रीय कार्यक्रम में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
नूतन तिवारी ने महिला एवं बाल विकास विभाग से मांग की कि आंगनवाड़ी सुपरवाइजरों को अतिरिक्त कार्यभार से राहत देते हुए उन्हें केवल जनगणना कार्य की जिम्मेदारी दी जाए, ताकि वे मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हुए इस राष्ट्रीय अभियान में प्रभावी योगदान दे सकें।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि जनगणना कर्मियों के लिए पर्याप्त सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसमें पुलिस सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक उपचार किट, आपातकालीन सहायता, दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन एवं ठहरने की व्यवस्था, तकनीकी उपकरण और पावर बैंक जैसी सुविधाएं शामिल हों।
महासंघ ने कहा कि भीषण गर्मी, प्राकृतिक आपदाओं और दूरदराज क्षेत्रों में कार्य करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उचित संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध होने से जनगणना कर्मियों को राहत मिलेगी और वे अपने कार्य को अधिक प्रभावी ढंग से संपन्न कर सकेंगे।




