जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान तथा जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में संचालित अभिनव पहल ‘भविष्य की उड़ान’ और मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना जिले के सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक संसाधनों के विकास का मजबूत माध्यम बन रही है। इसी कड़ी में सवाई माधोपुर ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय जमूलखेड़ा को ग्रामवासियों और विद्यालय स्टाफ के सहयोग से 90 हजार रुपये की जनसहभागिता राशि प्राप्त हुई है।
विद्यालय स्टाफ के सदस्य शंभू दयाल एवं हनुमान प्रसाद ने सहयोग राशि का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के अंतर्गत जमा कराने के लिए अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक दिनेश कुमार गुप्ता को सौंपा।
कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि योजना के प्रावधानों के अनुसार प्राप्त 90 हजार रुपये की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराएगी। इस प्रकार विद्यालय को कुल लगभग 2 लाख 25 हजार रुपये की राशि विकास कार्यों के लिए प्राप्त होगी।
इस राशि का उपयोग विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर खरीदने, आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा इंटरलॉकिंग सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर किया जाएगा। इससे विद्यालय का भौतिक विकास होने के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनसहभागिता आधारित यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। स्थानीय समुदाय की भागीदारी से विद्यालयों में संसाधनों का विस्तार होने के साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
इस अवसर पर सहायक परियोजना समन्वयक राकेश कुमार मीणा, पीएमयू पंकज वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




