जिले की जालीपा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शुक्रवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागीय काउंटरों का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली और सेवाओं को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न प्रमाण पत्र, पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा अन्य सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




