सियाराम सर्व समाज उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में दुर्गापुरा स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र में त्रिवेणी सम्मान एवं पर्यावरण चेतना कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं और भामाशाहों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईएएस नीरज के. पवन ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा के क्षेत्र में इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। वहीं विशिष्ट अतिथि पूर्व आईआरएस अधिकारी केदार मीणा ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और एकता को मजबूत करते हैं।
संस्था के संस्थापक मुकेश गुर्जर ने बताया कि सियाराम सर्व समाज उत्थान सेवा समिति लंबे समय से शिक्षा, रोजगार और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए जयपुर में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। साथ ही पर्यावरण चेतना अभियान के तहत 101 पौधों का वितरण भी किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हनुमान सिराधना ने की और उन्होंने सभी अतिथियों व सहयोगकर्ताओं का आभार जताते हुए सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अर्जुन गुर्जर, तेजपाल यादव, बाबूलाल गुर्जर, देवराज गुर्जर, मुरलीराम गुर्जर, रतीराम गुर्जर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




