जयपुर में साइड नहीं देने पर सड़क पर हंगामा
जयपुर में सड़क पर साइड देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खोरा बीसल थाना क्षेत्र में नांगल पुलिया के पास रविवार देर रात थार सवार युवकों पर कैब चालक और उसके साथियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, वे निवारू रोड की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही थार के चालक ने हॉर्न और डिपर देकर साइड मांगी। पुलिया पार करते समय तुरंत साइड नहीं मिल पाने के बाद विवाद शुरू हो गया।
थार आगे लगाकर रास्ता रोकने का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि थार सवार युवकों ने उनकी कार के आगे अपनी गाड़ी लगा दी और रास्ता रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि कुछ युवक गाड़ी से नीचे उतरे और कैब चालक व उसके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने लगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, मारपीट के दौरान हॉकी-डंडों और पत्थरों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप है। इसके बाद कार में भी तोड़फोड़ की गई, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
धमकाने का भी आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक युवक ने हथियार दिखाकर उन्हें धमकाया। इस दौरान एक व्यक्ति के सिर पर चोट लगने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, घटना में हथियार को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
करीब आधे घंटे तक सड़क पर हंगामा होने के बाद आरोपी मौके से चले गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने लोगों का ध्यान खींचा है।



