सांगानेर सदर इलाके में बुजुर्ग की हत्या कर शव कंबल में बांधकर फेंका गया, बदबू से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस जांच में जुटी
जयपुर में एक बुजुर्ग की हत्या कर शव को कंबल में बांधकर फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शव की हालत देखकर मौके पर पहुंची पुलिस भी हैरान रह गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या करीब दो दिन पहले की गई थी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कंबल में बांधकर फेंका गया।
मामला सांगानेर सदर थाना इलाके के गोविंदपुरा का है। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस को कंबल में बंधा शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की।
कंबल में बंधा मिला शव
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 75 वर्षीय जगदीश के रूप में हुई है। वह टोडारायसिंह का रहने वाला था और सांगानेर सदर के गोविंदपुरा में अपनी पत्नी और बेटे के साथ रह रहा था।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को बुजुर्ग का शव कंबल में बंधा मिला। शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
बदबू से खुला हत्या का राज
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुजुर्ग की हत्या करीब दो दिन पहले की गई थी। शव को कंबल में बांधकर सुनसान जगह पर फेंक दिया गया था।
शव के डिकंपोज होने के कारण उससे बदबू आने लगी। इसी बदबू के चलते आसपास के लोगों को वहां कुछ संदिग्ध होने का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस
एसीपी चाकसू भवानी सिंह के अनुसार, पुलिस ने मृतक की पहचान कर ली है और अब उसके परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जगदीश आखिरी बार कब और किसके साथ देखा गया था।



