सिंधी कैंप बस स्टैंड से टॉफी का झांसा देकर 3 साल की बच्ची का अपहरण, सतर्क ऑटो चालक की सूझबूझ से 10 मिनट में सुरक्षित बरामद, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस।
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के सिंधी कैंप बस स्टैंड पर मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। टॉफी दिलाने का झांसा देकर एक बदमाश 3 साल की मासूम बच्ची को अपने साथ ले गया। हालांकि एक सतर्क ऑटो चालक की सूझबूझ से महज 10 मिनट के भीतर बच्ची सकुशल बरामद हो गई। आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मां और नानी के साथ बारां जा रही थी बच्ची
सिंधी कैंप थाना प्रभारी वंदना नरूला के अनुसार बच्ची का परिवार मूल रूप से बारां का रहने वाला है और वर्तमान में बगरू में निवास करता है। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे बच्ची अपनी मां और नानी के साथ बारां जाने वाली बस में प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैठी थी। इसी दौरान पास में बैठे एक व्यक्ति ने परिवार से बातचीत कर विश्वास हासिल किया और बच्ची को टॉफी दिलाने का बहाना बनाकर बस से नीचे ले गया।
कुछ देर तक बच्ची के नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे आसपास तलाशा, लेकिन कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही सिंधी कैंप, बनीपार्क और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी गई ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
ऑटो चालक की सतर्कता से बची मासूम
इसी दौरान ऑटो चालक नवल ने पीतल फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्ची के साथ देखा। शक होने पर उसने ऑटो रोककर उससे पूछताछ की। खुद को घिरता देख आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ऑटो चालक की सूचना पर पुलिस और बच्ची की मां मौके पर पहुंचीं। बच्ची की पहचान होने के बाद उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। आसपास के क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है और




