जयपुर में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में 22 वर्षीय युवती अंशु कुमारी जाटव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने अपने बॉयफ्रेंड और उसके साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना में भूमिका निभाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद किए हैं।
ATM पर कैश पहुंचने की दी थी जानकारी
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे बैंक कर्मचारी अक्षयपात्र के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM में कैश डालने पहुंचे थे। इसी दौरान बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों से कैश से भरा बैग लूट लिया।
जांच में पुलिस को पता चला कि वारदात से पहले ATM के आसपास एक युवती की संदिग्ध गतिविधियां देखी गई थीं। पुलिस के मुताबिक, यही युवती आरोपियों को बैंक कर्मचारियों के ATM तक पहुंचने की जानकारी दे रही थी।
पहले की गई थी ATM की रेकी
पुलिस जांच के अनुसार, युवती के बॉयफ्रेंड मस्तराम मीणा को ATM और वहां कैश पहुंचने की जानकारी थी। इसके बाद ATM की रेकी कर लूट की योजना बनाई गई।
पुलिस का कहना है कि वारदात वाले दिन जैसे ही बैंक कर्मचारी कैश लेकर ATM पहुंचे, युवती ने कथित तौर पर अपने साथियों को इसकी सूचना दी और वहां से चली गई। इसके बाद बदमाशों ने बैंक कर्मचारियों से कैश लूट लिया।
लूट के बाद कैश दूसरी गाड़ी में किया शिफ्ट
पुलिस के मुताबिक, लूट के बाद बदमाश बाइक से कैश लेकर कुछ दूरी पर खड़ी कार तक पहुंचे। वहां कैश को दूसरी गाड़ी में शिफ्ट किया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, इस तरीके का इस्तेमाल पुलिस की नाकाबंदी से बचने के लिए किया गया था। इसके बाद लूट की रकम को अलग-अलग हिस्सों में रखा गया।
किराए के कमरे में छिपाए थे 26.80 लाख
पुलिस के मुताबिक, लूट की रकम का एक हिस्सा युवती के रामनगरिया इलाके स्थित किराए के कमरे में रखा गया था। रकम को एक सूटकेस में छिपाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने युवती से पूछताछ के बाद कमरे की तलाशी ली। यहां से 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए। पुलिस अब बाकी रकम की बरामदगी के लिए फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
बॉयफ्रेंड समेत तीन आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, मामले में युवती का कथित बॉयफ्रेंड मस्तराम मीणा और उसके दो साथी पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी तथा सुमित जांगम अभी फरार हैं।



