जयपुर एयरपोर्ट पर हज की पहली फ्लाइट पहुंची, 428 हाजी लौटे स्वदेश
राजस्थान में हज यात्रियों को लेकर आने वाली पहली फ्लाइट शुक्रवार रात्रि जयपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पहुंची। निर्धारित समय से लगभग दो घंटे की देरी से पहुंची यह फ्लाइट रात करीब 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरी।
पार्षद मोहम्मद इरशाद ने बताया कि फ्लाइट में कुल 428 हाजी सवार थे, जो पवित्र हज यात्रा पूरी कर स्वदेश लौटे हैं। एयरपोर्ट पर उनके परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। हाजियों के लौटने पर एयरपोर्ट परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व हज कमेटी सदस्य अब्दुल हकीम खान, वसीम खान तथा मइनुद्दीन शेख भी मौजूद रहे। उन्होंने हाजियों का स्वागत करते हुए उनकी कुशल यात्रा पर खुशी जताई।
उल्लेखनीय है कि अब्दुल हकीम खान, वसीम खान और मइनुद्दीन शेख पिछले कई वर्षों से हज यात्रियों की सेवा और सहायता में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर हाजियों के आगमन और प्रस्थान के दौरान वे लगातार सहयोग प्रदान करते हैं तथा जरूरतमंद यात्रियों की हरसंभव मदद करते हैं।
हज यात्रियों की पहली फ्लाइट के आगमन के साथ ही राजस्थान में हज से लौटने वाले यात्रियों के स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया है। हाजियों के परिजनों में अपने प्रियजनों से मिलने की खुशी साफ दिखाई दी।
सोशल मीडिया पर हमें फॉलो करें
राजनीति की हर हलचल, क्रिकेट और स्पोर्ट्स की हर अपडेट, और देश-दुनिया की बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए eNews Bharat के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से जुड़ना न भूलें।




